
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 इलाके में आई-थम्स गैलेरिया के पास बिजली व्यवस्था को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां सड़क किनारे लगे खंभे पर स्ट्रीट लाइट नजर नहीं आ रही है, जबकि उसी खंभे के नीचे जमीन के पास लाइट जलती हुई दिखाई दे रही है। रात के अंधेरे में जमीन पर इस तरह लाइट जलने का वीडियो सामने आने के बाद एनपीसीएल की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
जिस जगह यह लाइट जमीन के पास जल रही है, वहां से लगातार गाड़ियां, बाइक और पैदल राहगीरों की आवाजाही होती है। ऐसे में सड़क के किनारे जमीन पर जल रही बिजली की लाइट लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही है। खास तौर पर बारिश के बाद आसपास जलभराव की स्थिति होने से खतरा और बढ़ गया है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि सड़क पर लगे खंभे के ऊपर लाइट नहीं है, जबकि नीचे जमीन के पास रोशनी हो रही है। आसपास पानी जमा होने के कारण लोगों को करंट लगने या किसी अन्य हादसे की आशंका बनी हुई है। इस स्थिति में राहगीरों और वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी पड़ रही है।
व्यवस्था पर उठे सवाल
लोगों का सवाल है कि आखिर सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइट खंभे के बजाय जमीन के पास कैसे जल रही है और जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस स्थिति पर क्यों नहीं पड़ी। जिस स्थान से बड़ी संख्या में वाहन और लोग गुजरते हैं, वहां बिजली से जुड़ी ऐसी लापरवाही गंभीर समस्या बन सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान जलभराव के बीच जमीन के पास बिजली की लाइट का जलना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कराकर समस्या को जल्द ठीक कराने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी से पहले व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके।
अब सवाल यह भी है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करेंगे या फिर किसी बड़े हादसे के बाद व्यवस्था सुधारी जाएगी। फिलहाल लोगों की मांग है कि जमीन के पास जल रही लाइट को सुरक्षित तरीके से ठीक किया जाए और सड़क पर उचित स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।