अवैध नाव से नदी पार करते समय बड़ा हादसा, दो युवकों के डूबने से मचा हड़कंप

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हैवतपुर से बहलोलपुर-गढ़ी चौखंडी और छिजारसी के बीच कथित अवैध नाव संचालन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नाव में रस्सी बांधने के दौरान दो युवक नदी में डूब गए। डूबने वालों की पहचान शिव राजपूत (19) और सौरव (20) के रूप में हुई है। दोनों युवक बिसरख क्षेत्र के यूसुफपुर चक में रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि नाव के जरिए इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में लोग नदी पार करते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह और शाम के समय यहां काफी भीड़ रहती है और लोग साइकिल समेत नाव से नदी पार करते हैं। इसी दौरान नाव में रस्सी बांधने के दौरान दोनों युवक नदी में गिर गए और देखते ही देखते पानी में डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद SDRF/NDRF की टीम को भी रेस्क्यू अभियान में लगाया गया। टीमों ने नदी में दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में हड़कंप मच गया।

नाव संचालन पर उठे सवाल

हादसे के बाद नदी के इस रास्ते पर चल रही नाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां कथित तौर पर बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के नाव का संचालन किया जा रहा है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसका इस्तेमाल करते हैं।

बताया जा रहा है कि नाव में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर नदी पार कराने का लाइव वीडियो भी सामने आया है। ऐसे में नाव संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि बड़ी संख्या में यात्रियों को नाव से नदी पार कराया जा रहा है तो सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना जरूरी है। दो युवकों के नदी में डूबने की घटना के बाद सिंचाई विभाग और प्रशासन की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि पूरे मामले की जांच की जाए और यदि नाव संचालन नियमों के खिलाफ पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही नदी पार करने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

फिलहाल पुलिस, फायर सर्विस और SDRF/NDRF की टीमें दोनों युवकों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। हादसे की पूरी स्थिति और नाव संचालन से जुड़े नियमों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *