बचरौली की गौशाला में दो माह बाद भी नहीं हुआ अन्ना गौवंश का समायोजन

बचरौली: विकास खंड क्षेत्र की बचरौली ग्राम पंचायत स्थित अन्ना पशु आश्रय स्थल में संरक्षित गौवंश के समायोजन का मामला करीब दो महीने से लंबित बताया जा रहा है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत इन पशुओं का समायोजन शेखुपुर गांव स्थित अस्थाई पशु आश्रय स्थल में किया जाना था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। इससे गौवंश की देखभाल प्रभावित होने की बात कही जा रही है। बचरौली गांव निवासी समाजसेवी गणेश तिवारी ने इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी को शिकायती पत्र दिया है। शिकायत में उन्होंने बताया कि पत्र संख्या 916 के अनुसार गौवंश स्थानांतरण मानक प्रक्रिया 2026-27 में वर्णित व्यवस्था के तहत 27 जुलाई 2026 को अस्थाई गौ आश्रय स्थल बचरौली में संरक्षित अन्ना पशुओं का समायोजन अस्थाई पशु आश्रय स्थल शेखुपुर में किया जाना था।

दो माह बाद भी नहीं हुआ समायोजन

शिकायतकर्ता के अनुसार, 27 जुलाई को निर्धारित व्यवस्था के बावजूद करीब दो महीने का समय बीत चुका है, लेकिन बचरौली गौशाला के पशुओं का शेखुपुर स्थित गौशाला में समायोजन नहीं किया गया है। इसके चलते पशुओं की देखभाल को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। गणेश तिवारी ने अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गौवंश के समायोजन में हो रही देरी के कारण पशुओं की स्थिति खराब हो रही है और उनकी उचित देखभाल नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी से भी मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि शिकायत के बाद संबंधित अधिकारी गौवंश के समायोजन को लेकर क्या कदम उठाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *