
राजस्थान: बीकानेर में कांग्रेस की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत के साथ पार्टी के ही कुछ कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर मारपीट कर दी। घटना के दौरान मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
स्वागत के बहाने बुलाया
बताया जा रहा है कि कार्यकर्ताओं ने यशपाल गहलोत को स्वागत के बहाने बाहर बुलाया था। इसके बाद अचानक उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई और थप्पड़-मुक्के मारे जाने लगे। घटना के दौरान मौके पर काफी हंगामा हुआ।
जिलाध्यक्ष ने बताई पूरी घटना
यशपाल गहलोत ने बताया कि करीब 12:25 बजे कार्यालय का उद्घाटन कार्यक्रम था। उनके मुताबिक, संबंधित कार्यकर्ता उनके पीछे खड़ा था और पार्टी के पक्ष में नारे भी लगाए गए। कार्यक्रम के दौरान माहौल सामान्य था और दोनों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। गहलोत के मुताबिक, जब वह बाहर निकल रहे थे तो उक्त कार्यकर्ता ने उनसे एक मिनट बात करने के लिए कहा। वह वहीं रुककर उससे बात करने लगे। इसी दौरान 5-7 लोग आए और उन पर हमला कर दिया। गहलोत ने कहा कि वह अपनी बात पार्टी के सामने रखेंगे।
टिकट को लेकर नाराजगी
बताया जा रहा है कि बीकानेर नगर निगम चुनाव में टिकट नहीं मिलने को लेकर कुछ कार्यकर्ता नाराज हैं। इन कार्यकर्ताओं का आरोप है कि टिकट वितरण में उनकी अनदेखी की गई और योग्य कार्यकर्ताओं को मौका नहीं दिया गया। इसी नाराजगी को लेकर जिलाध्यक्ष से सवाल-जवाब किए जाने के बाद विवाद बढ़ने की बात सामने आ रही है।
वीडियो वायरल होने से बढ़ी चर्चा
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और कार्यकर्ताओं की नाराजगी एक बार फिर चर्चा में है। मामले को लेकर पार्टी स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत के साथ हुई मारपीट की निंदा की है।