
रायबरेली: कस्बे के बक्शी मेमोरियल पब्लिक स्कूल (बीएमपीएस) में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा के नौ दिव्य स्वरूपों की पूजा-अर्चना की गई। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देवी के नौ स्वरूपों की झांकियों का मंचन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक सुनील सिंह ने पूजा-अर्चना के साथ किया। इस दौरान लोक मंगल और समाज में सुख-शांति की कामना की गई।
बुराइयों को त्यागकर मनाएं दशहरा: सुनील सिंह
प्रबंध निदेशक सुनील सिंह ने कहा कि नवरात्र और विजयादशमी भारतीय संस्कृति के प्रमुख पर्व हैं। मां दुर्गा की नौ दिनों तक की जाने वाली आराधना शक्ति, साहस और आत्मिक शांति का संदेश देती है। विजयादशमी असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। इस दिन भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध और मां दुर्गा द्वारा महिषासुर के संहार की स्मृति में विजय उत्सव मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि इन पर्वों का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और सकारात्मकता को बढ़ावा देना भी है। सुनील सिंह ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और नगरवासियों से अपने भीतर के अहंकार रूपी रावण को जलाने तथा राक्षसी प्रवृत्तियों का त्याग करने की अपील की। उन्होंने सभी से दशहरा के दिन नगर में निकलने वाली शोभायात्रा में शामिल होकर त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का आह्वान किया।