चेन्नई-गोवा इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी, 5 घंटे की देरी के बाद रात 10:30 बजे भरी उड़ान

चेन्नई: चेन्नई से गोवा जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E588 में सोमवार शाम बम की धमकी मिलने से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया और सभी यात्रियों को उतारकर जांच की गई। कई घंटे तक चली तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद विमान को रात 10:30 बजे गोवा के लिए रवाना किया गया। निर्धारित समय के मुकाबले उड़ान करीब पांच घंटे देरी से रवाना हुई। फ्लाइट का निर्धारित टेकऑफ समय शाम 5:40 बजे था। धमकी की सूचना मिलने के बाद बम थ्रेट असेसमेंट कमेटी (BTAC) की बैठक बुलाई गई। कमेटी ने शाम 6:05 बजे धमकी को ‘स्पेसिफिक’ श्रेणी में रखा। इसके बाद तय सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान को आइसोलेशन बे में पहुंचाया गया।

कई घंटे चली विमान की सुरक्षा जांच

शाम 6:55 बजे तक सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की तलाशी शुरू की। जांच में एंटी-सैबोटाज चेक भी शामिल था। कई घंटे तक चली जांच के दौरान विमान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। चेन्नई एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, रात 9:20 बजे बम धमकी से संबंधित सुरक्षा प्रतिक्रिया वापस ले ली गई। इसके बाद विमान को संचालन के लिए इंडिगो को सौंप दिया गया। जांच पूरी होने के बाद फ्लाइट को रात 10:30 बजे गोवा के लिए रवाना होने की अनुमति मिली। फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आई है कि विमान को बम की धमकी कहां से मिली और इसके पीछे कौन था। मामले की जांच एयरपोर्ट पुलिस कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *