
नई दिल्ली: लाल किला मैदान में आयोजित लव-कुश रामलीला में इस बार रावण दहन के साथ दिल्लीवासियों को तीन खास संदेश भी दिए जाएंगे। लव-कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार के अनुसार, इन संदेशों के जरिए लोगों को अहंकार छोड़ने, यातायात का दबाव कम करने और प्रदूषण से निपटने के लिए जागरूक किया जाएगा।
110 फीट ऊंचे रावण के पुतले में दिखेगा खास नजारा
अर्जुन कुमार ने बताया कि रामलीला मैदान में रावण का 110 फीट, कुंभकर्ण का 100 फीट और मेघनाद का 90 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया गया है। श्रीराम का तीर लगने के बाद रावण की नाभि से अमृत निकलने, उसकी दोनों आंखों से आग बरसने और गले में पड़ी 11 चमकती मालाओं का रंग बदलने का विशेष दृश्य दिखाया जाएगा। रावण का पहला संदेश अहंकार त्यागने से जुड़ा होगा। पुतले से आवाज आएगी, “हर साल यहां मैं तो जल जाता हूं, मुझे मेरे अहंकार ने मारा।” इसके जरिए लोगों को अपने भीतर की बुराइयों और अहंकार को समाप्त करने की प्रेरणा दी जाएगी। दूसरा संदेश दिल्ली में यातायात का दबाव कम करने और सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने पर केंद्रित होगा। वहीं, तीसरे संदेश में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताते हुए लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की जाएगी। संदेश के माध्यम से बताया जाएगा कि प्रदूषण लोगों के स्वास्थ्य के साथ भावी पीढ़ियों के लिए भी खतरा है। रामलीला के जरिए लोगों को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने और दिल्ली को प्रदूषणमुक्त बनाने के प्रयासों में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।