ग्रेटर नोएडा: दादरी में सहायक योग प्रशिक्षकों का मूल्यांकन, लिखित परीक्षा के साथ आसनों का किया अभ्यास

ग्रेटर नोएडा: जन शिक्षण संस्थान गौतम बुद्ध नगर की ओर से कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के अंतर्गत संचालित दादरी उपकेंद्र पर गुरुवार को सहायक योग प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षणार्थियों का मूल्यांकन किया गया। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने लिखित परीक्षा देने के साथ प्रायोगिक परीक्षा में योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।

विशेषज्ञों की निगरानी में हुआ मूल्यांकन, योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर

मूल्यांकन प्रक्रिया पतंजलि योगपीठ से प्रशिक्षित योग पर्यवेक्षक एवं समाजसेवी नितिन कुमार शर्मा और परीक्षक डॉ. उमेश शर्मा की निगरानी में संपन्न हुई। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों की योग संबंधी जानकारी, विभिन्न आसनों के अभ्यास और प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का आकलन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को योग के क्षेत्र में दक्ष बनाकर सहायक योग प्रशिक्षक के रूप में आगे बढ़ने के लिए तैयार करना है। पतंजलि योगपीठ के योग प्रशिक्षित पर्यवेक्षक एवं समाजसेवी नितिन कुमार शर्मा ने बताया कि योग को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता है। सहायक योग प्रशिक्षक का प्रशिक्षण ले रहे युवाओं के लिए यह परीक्षा अपनी योग्यता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षणार्थी योग के माध्यम से समाज को स्वस्थ बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। मुख्य योग शिक्षक डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने की दिशा में आगे बढ़ सकता है। प्रशिक्षणार्थियों को योग का व्यावहारिक ज्ञान देने के साथ समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। परीक्षक डॉ. उमेश शर्मा ने बताया कि योग प्रशिक्षक के लिए सैद्धांतिक ज्ञान के साथ आसनों का सही अभ्यास और उनकी विधि की जानकारी होना भी जरूरी है। लिखित और प्रायोगिक मूल्यांकन के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों की योग संबंधी समझ और अभ्यास का आकलन किया गया। उन्होंने कहा कि योग के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर अभ्यास और अनुशासन आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य योग शिक्षक डॉ. संजीव शर्मा, योग परीक्षक डॉ. उमेश शर्मा, जन शिक्षण संस्थान गौतम बुद्ध नगर के पदाधिकारी और सभी सहायक योग प्रशिक्षक प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे। आयोजकों ने प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सफलता की कामना की। साथ ही, नियमित योगाभ्यास अपनाने और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *