हमीरपुर में गणेश महोत्सव की धूम, आरती में उमड़ी भारी भीड़

हमीरपुर: गणेश महोत्सव के तीसरे दिन गुरुवार शाम शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक गणपति बप्पा की भक्ति देखने को मिली। पंडालों और घरों में विराजे भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भव्य आरती का आयोजन हुआ। आरती के दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गणपति बप्पा के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। शहर के कालपी रोड स्थित रहुनिया धर्मशाला के पास सजाए गए पंडाल में इस वर्ष पहली बार भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। श्री सर्वेश्वरनाथ महादेव गणेश महोत्सव संघ कमेटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष नयन साहू, कार्यकर्ता रचित शर्मा, अमर, आजाद, साकेत शुक्ला, सत्यम धुरिया आदि ने गुरुवार शाम भगवान गणेश की आरती उतारी। इस दौरान सभी ने सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। शाम होते ही पंडाल में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए। गणेश महोत्सव को लेकर महिलाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और आरती में शामिल होकर जयकारे लगाए।

प्रसाद लेने के लिए श्रद्धालुओं से कतार में लगने की अपील

आरती के बाद आयोजकों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। श्रद्धालुओं से कतार में लगकर प्रसाद लेने के लिए कहा गया। इसके बाद भक्तों को केले का प्रसाद वितरित किया गया। देर शाम तक पंडाल में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। गणपति बप्पा के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया। गणेश महोत्सव के तीसरे दिन आयोजित पूजा-अर्चना और आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *