
मौदहा: खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने स्टेशन रोड स्थित आंचल ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी मौदहा कर्णवीर सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान में एक्सपायरी बिस्कुट, चॉकलेट समेत अन्य खाद्य पदार्थों के रखरखाव में मानकों की अनदेखी मिली। इसके बाद खाद्य प्रतिष्ठान का एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई शुरू की गई है। निरीक्षण के दौरान ब्रिटानिया कंपनी के अधिकारियों और ऑडिटर के साथ प्रतिष्ठान संचालक सुरेंद्र कुमार ओमर द्वारा एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का निर्धारित मानकों के विपरीत निस्तारण किया जाना पाया गया। टीम ने मौके पर ही एक्सपायरी बिस्कुट, चॉकलेट आदि के पैकेट क्रश कराकर नष्ट कराए। यह कार्रवाई इसलिए की गई, ताकि इन खाद्य पदार्थों का दोबारा मानव उपभोग में इस्तेमाल न हो सके। कार्रवाई के दौरान टीम ने बिक्री के लिए रखी गोल्डी ब्रांड की हींग का नमूना भी लिया। नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कारोबारी को खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश
निरीक्षण के दौरान टीम ने कारोबारी को खाद्य पदार्थों के भंडारण, क्रय-विक्रय और निस्तारण में खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़े मानकों का पालन करने पर जोर दिया। इस कार्रवाई के दौरान सीओ राजकुमार पांडेय, सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. गौरीशंकर, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव और खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनिता यादव मौजूद रहीं। टीम की ओर से प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का निस्तारण कराया गया और हींग का नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं, एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई शुरू की गई है।