
ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी NCP (SP) के विधायक जितेंद्र आव्हाड़ को फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद उन्होंने वर्तक नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पदाधिकारी के मुताबिक, आव्हाड़ को रविवार को धमकी भरा फोन आया था। फोन करने वाले ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान पार्टी के एक कार्यकर्ता ने भी फोन करने वाले से बात करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उसे भी धमकाया गया।
फोन करने वाले की पहचान का पता नहीं
धमकी मिलने के मामले में पुलिस से शिकायत की गई है। फिलहाल फोन करने वाले की पहचान और धमकी देने के पीछे की वजह के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जितेंद्र आव्हाड़ ठाणे जिले की मुंब्रा-कलवा विधानसभा सीट से विधायक हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद मामले में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस फोन करने वाले की पहचान और धमकी से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने में जुटी है।