
रायबरेली: ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लालगंज नगर और ग्रामीण क्षेत्र में मोटरसाइकिल यात्रा निकाली। पूर्व विधायक अशोक सिंह के नेतृत्व में निकली इस रैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में कांग्रेस के झंडे और नारे लिखी तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यात्रा लालगंज विकास खंड कार्यालय के सामने से शुरू होकर मुख्य बाजार, बस स्टैंड, तहसील रोड और बेहटाकलां चौराहे से होते हुए शाहपुर पहुंची। इसके बाद यात्रा सेमरपहा में समाप्त हुई। रास्ते में कई जगह स्थानीय लोगों ने हाथ हिलाकर यात्रा का स्वागत किया और कांग्रेस के समर्थन में नारे लगाए।
जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का दावा
पूर्व विधायक अशोक सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में वोट की ताकत सबसे बड़ी होती है, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने वोट की चोरी कर सत्ता हासिल की और जनता के साथ धोखा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी। कांग्रेस नेत्री सुधा द्विवेदी ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर निशाना साधा। सरिता गुप्ता ने महिलाओं पर अत्याचार बढ़ने का आरोप लगाया, जबकि दीपेंद्र गुप्ता ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है। कांग्रेस नेताओं ने आगामी चुनाव में जनता से वोट चोरों को सबक सिखाने की अपील की। यात्रा का संचालन कांग्रेस नेता महेश शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाएंगे। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय शंकर अग्निहोत्री, अजीजुल रहमान सिद्दीकी, पदमधर सिंह, अशोक आचार्य, पूर्व अध्यक्ष राजन मिश्रा, अनूप बाजपेई, राजेश भदौरिया, अब्दुल काफी, लालबहादुर सिंह, राधे सिंह और टिल्लू समेत ब्लॉक, नगर और युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी व समर्थक मौजूद रहे।