
मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कथित तौर पर अनियंत्रित होकर दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक मासूम बच्चे समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू कराया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस घटनास्थल पर हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाने के साथ पूरे मामले की जांच में लगी है।
हादसे के बाद चालक फरार
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद रोडवेज बस का चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इसके साथ ही बस की रफ्तार, चालक की भूमिका और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।