
नोएडा : 4 अगस्त को बस में हुई रेप की घटना के बाद नोएडा पुलिस ने सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में बुधवार को चिल्ला बॉर्डर पर पुलिस ने बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
बसों में सुरक्षा मानकों की हुई जांच
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने चिल्ला बॉर्डर से गुजरने वाली बसों को रोककर उनके अंदर सुरक्षा मानकों की जांच की। बसों में लगे पर्दों को भी चेक किया गया। मानकों के अनुरूप नियमों का पालन नहीं करने वाली बसों के चालान किए गए।
ड्राइवर-कंडक्टर की वर्दी भी चेक
पुलिस ने बसों के ड्राइवर और कंडक्टर की वर्दी की भी जांच की। कई बसों में फर्स्ट एड बॉक्स तो मिले, लेकिन उनमें जरूरी दवाइयां उपलब्ध नहीं थीं। इसके अलावा कुछ बसों में फायर सेफ्टी सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे और इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली।
नियम तोड़ने वाली बसों के चालान
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाली करीब दर्जनों बसों के चालान किए। पुलिस की कार्रवाई के दौरान चिल्ला बॉर्डर स्थित बस स्टैंड पर महिला पुलिसकर्मी भी तैनात नजर आईं।
महिला यात्रियों की सुरक्षा पर जोर
4 अगस्त की घटना के बाद पुलिस का यह अभियान बसों में यात्रियों, खासकर महिला यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अहम माना जा रहा है। पुलिस की ओर से बस संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं।