Noida Traffic Alert: दशहरे पर नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बदलेगा ट्रैफिक, इन रास्तों से पहुंचें अपने गंतव्य तक

नोएडा: दशहरा और रावण दहन के आयोजनों को देखते हुए नोएडा और ग्रेटर नोएडा में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को प्रतिबंधित मार्गों और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी दी है। नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-62, भंगेल और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रामलीला और रावण दहन के कार्यक्रमों के कारण कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम के आसपास सेक्टर-12, 22 और 56 तिराहे से स्टेडियम चौक की ओर जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा। सेक्टर-10 और 21 यू-टर्न, सेक्टर-8, 10, 11 और 12 चौक तथा सेक्टर-31 और 25 चौक से मोदी मॉल और स्टेडियम चौक की ओर जाने वाले मार्गों पर भी प्रतिबंध रहेगा। मेट्रो अस्पताल चौक, कोस्ट गार्ड तिराहा, एनटीपीसी अंडरपास और जलवायु विहार चौक के आसपास भी जरूरत के अनुसार यातायात नियंत्रित किया जाएगा।

कई इलाकों में बदलेगा ट्रैफिक रूट

नोएडा स्टेडियम में वीआईपी और वीवीआईपी वाहनों के लिए गेट नंबर-7, जबकि पासधारक वाहनों के लिए गेट नंबर-3 से प्रवेश और गेट नंबर-4 से निकास निर्धारित किया गया है। सामान्य वाहनों की पार्किंग एडॉब कंपनी के पास खाली मैदान में होगी। सेक्टर-62 में रामलीला के दौरान कुछ मार्गों पर प्रतिबंध रहेगा। वाहनों को सेक्टर-59 तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। भंगेल में महर्षि आश्रम के आसपास भी यातायात बदलेगा और जरूरत के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ईकोटेक-12 में रामलीला के चलते एकमूर्ति गोलचक्कर से ग्लैक्सी गोलचक्कर की ओर जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। वाहन चालक डी-मार्ट, बिसरख गोलचक्कर, एसीई गोलचक्कर और खैरपुर गोलचक्कर के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा, 20 और 21 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे से मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम समाप्त होने तक कालिंदी मार्ग, कुलेसरा और किसान चौक के आसपास भी यातायात में बदलाव किया जाएगा। कालिंदी बॉर्डर होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद वाहन डीएनडी या चिल्ला मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। सूरजपुर से कुलेसरा जाने वाले वाहनों को चौगानपुर गोलचक्कर की ओर और फेस-2 से हिंडन नदी जाने वाले वाहनों को ककराला की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, डायवर्जन के दौरान संबंधित सड़कों पर साप्ताहिक बाजार बंद रहेंगे। एंबुलेंस और फायर सर्विस जैसे आपातकालीन वाहनों को रास्ता दिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपने मार्ग की जानकारी लें, वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *