चक्रवात के बीच रेलवे ट्रैक पार कर रहे 5 युवक राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आए, 4 की मौत

आंध्र प्रदेश: आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में चक्रवात और भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। टेक्कली मंडल के रविवलसा के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहे पांच युवक भुवनेश्वर से गुनुपुर जा रही राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सलमान राजू गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि चक्रवात के चलते इलाके के कई हिस्सों में पानी जमा था। इसी दौरान पांचों युवक मछली पकड़ने के लिए बाढ़ के पानी वाले क्षेत्र में गए थे। मछली पकड़ने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तब उन्हें रेलवे ट्रैक पार करना था। इसी दौरान तेज रफ्तार राजधानी एक्सप्रेस वहां से गुजरी और सभी युवक उसकी चपेट में आ गए।

चार मृतक इंटरमीडिएट के छात्र थे

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान विशाखाराव, दिलीप, शरथ और शिवा के तौर पर हुई है। बताया गया है कि चारों दमारू गांव के रहने वाले थे और टेक्कली स्थित सरकारी एससी-एसटी छात्रावास में रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहे थे। हादसे में घायल हुए सलमान राजू को इलाज के लिए टेक्कली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर भी हादसे को लेकर हड़कंप मच गया।

पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस की ओर से मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पांचों युवक रेलवे ट्रैक तक किस तरह पहुंचे और ट्रेन के आने की जानकारी उन्हें क्यों नहीं हो सकी। हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *