70 हजार की बाइक पर 10.30 लाख का जुर्माना, गुरुग्राम में फिर पकड़ी गई ‘महा-चालान’ वाली बाइक

गुरुग्राम: गुरुग्राम में वाहन जांच अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने ऐसी मोटरसाइकिल पकड़ी है, जिसके खिलाफ एक-दो नहीं बल्कि 126 चालान लंबित पाए गए। इन सभी चालानों की कुल जुर्माना राशि करीब 10 लाख 30 हजार रुपये तक पहुंच चुकी है। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी रकम का जुर्माना लंबित होने के बावजूद यह बाइक सड़क पर चल रही थी। मामला 30 सितंबर का है। उद्योग विहार जोन में एएसआई मनोज अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को रोककर चालक से वाहन से जुड़े जरूरी दस्तावेज मांगे। हालांकि, चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

जांच में खुला 126 चालान का रिकॉर्ड

पुलिस ने जब मोटरसाइकिल का रिकॉर्ड खंगाला तो उसके खिलाफ लंबित चालानों की संख्या देखकर मामला सामने आया। जांच में पता चला कि मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत बाइक के कुल 126 चालान लंबित हैं। इन चालानों पर लगाया गया कुल जुर्माना करीब 10 लाख 30 हजार रुपये है। पकड़ी गई मोटरसाइकिल हीरो कंपनी की एचएफ डीलक्स है, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। यानी करीब 70 हजार रुपये कीमत वाली इस बाइक पर लंबित जुर्माने की रकम उसकी कीमत से कई गुना ज्यादा हो चुकी है।

गुरुग्राम में इससे पहले भी इसी तरह का मामला सामने आ चुका है। 16 सितंबर 2026 को यातायात पुलिस की टीम नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। एमडीआई चौक पर तैनात जोनल अधिकारी एएसआई प्रवीण कुमार अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक अन्य मोटरसाइकिल की जांच में उसके खिलाफ 113 लंबित चालान मिले थे। इस बाइक पर लंबित चालानों की कुल जुर्माना राशि 10 लाख 68 हजार 500 रुपये थी। पुलिस के मुताबिक, इनमें ज्यादातर चालान बिना हेलमेट, बिना प्रदूषण प्रमाण-पत्र, बिना इंश्योरेंस और यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों से जुड़े थे। इतनी बड़ी संख्या में लंबित चालान मिलने के बाद गुरुग्राम यातायात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की। मोटरसाइकिल को जब्त कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया गया। अब 30 सितंबर को पकड़ी गई 126 चालान वाली बाइक का मामला भी सामने आया है, जिसमें करीब 10.30 लाख रुपये का जुर्माना लंबित पाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *