
नोएडा: सेंट्रल नोएडा पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन सहयोग’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस सेल की टीम ने तकनीकी माध्यमों और लगातार निगरानी के जरिए अलग-अलग स्थानों से 101 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
CEIR से हुई ट्रेसिंग
पुलिस के मुताबिक, बरामद मोबाइल फोन को केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से ट्रेस किया गया। मोबाइल फोन से जुड़ी शिकायतों और उपलब्ध तकनीकी जानकारी के आधार पर सर्विलांस सेल ने लगातार निगरानी की तकनीकी माध्यमों से अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मोबाइल फोन की पहचान की गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें बरामद किया।
मालिकों को लौटाए मोबाइल
सेंट्रल नोएडा पुलिस ने बरामद किए गए सभी 101 मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों की पहचान और आवश्यक सत्यापन के बाद वापस सौंप दिया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना भी की।
तकनीकी संसाधनों से कार्रवाई
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने सर्विलांस सेल की टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का उद्देश्य लोगों की शिकायतों का प्रभावी समाधान करना और उन्हें उनका सामान वापस दिलाना है।