गे ऐप के जरिए किशोर को जाल में फंसाया, अपहरण कर मांगी फिरौती; मुठभेड़ में दो गिरफ्तार

मथुरा: गे ऐप के जरिए बातचीत के बहाने 16 वर्षीय किशोर को मिलने के लिए बुलाकर अपहरण करने और फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस और एक थार गाड़ी बरामद हुई है। मामले में अन्य आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

ऐप पर बातचीत के बाद मिलने बुलाया, किशोर के परिजनों से मांगी फिरौती

जानकारी के अनुसार, राया थाना क्षेत्र में रहने वाला एक हार्डवेयर कारोबारी का 16 वर्षीय बेटा सोमवार दोपहर अपने पिता को खाना देने के लिए निकला था। हालांकि, वह दुकान तक नहीं पहुंचा। इसी बीच शाम करीब चार बजे किशोर के व्हाट्सएप से उसके पिता के पास कॉल आई। फोन करने वाले ने किशोर के अपहरण की बात कही और उसे छोड़ने के बदले फिरौती की मांग की। बेटे के अपहरण की सूचना मिलने पर पिता घबरा गए। उन्होंने एक परिचित के माध्यम से किशोर के खाते में करीब 47 हजार रुपये भेजे। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने किशोर की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान किशोर गांव कारब के पास मिल गया। किशोर ने पुलिस को बताया कि उसने तीन दिन पहले एक गे ऐप डाउनलोड किया था। इस ऐप पर उसकी बातचीत एक लड़की से हुई थी। आरोप है कि बातचीत के बाद उसे मिलने के बहाने बुलाया गया। वहां थार गाड़ी में सवार तीन युवकों ने उसे अगवा कर लिया और फिरौती वसूलने के बाद छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने घेराबंदी कर थार सवार आरोपियों को पकड़ा

सीओ गोवर्धन अनिल कुमार के अनुसार, संदिग्ध थार गाड़ी का पीछा करते हुए कई थानों की पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, लालपुर नहर पुलिया के पास आरोपियों की गाड़ी नहर पटरी की कच्ची सड़क पर फंस गई। इसके बाद पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में पुलिस ने रजत निवासी नगला टोटा, थाना मुरसान, जिला हाथरस और मनीष निवासी अल्लेपुर, थाना जमुनापार, मथुरा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस और थार गाड़ी बरामद की है। मामले में शामिल बताए जा रहे तीसरे आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों की भूमिका के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *