
नोएडा: गौतमबुद्ध नगर में मंगलवार को आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। पहली घटना नोएडा एक्सप्रेसवे पर सामने आई, जहां एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। दूसरी घटना ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-12 में हुई, जहां चलती XUV700 में अचानक आग भड़क उठी। दोनों घटनाओं में दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। नोएडा एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई। इसके बाद नॉलेज पार्क से दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। बस में आग किस वजह से लगी, इसकी फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राहत की बात यह रही कि अभी तक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। वहीं, ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-12 में चलती XUV700 में अचानक आग लग गई। आग लगते ही वाहन में सवार मालिक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते वाहन आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
वाहनों में आग की घटनाओं ने सुरक्षा पर उठाए सवाल
एक ही दिन में नोएडा-ग्रेटर नोएडा में दो वाहनों में आग लगने की घटनाओं के बाद वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खासकर स्लीपर बसों में आग की घटनाओं को लेकर चिंता बनी हुई है। हाल ही में स्लीपर बस में आग लगने की एक घटना में नौ लोगों की मौत हुई थी। ऐसे में मंगलवार को सामने आई घटना के बाद बसों और अन्य वाहनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल दोनों घटनाओं में आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दमकल विभाग की कार्रवाई के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। आग की इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।