
उत्तर प्रदेश : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में बुधवार को ठड़ेश्वरी सरस्वती विद्या मंदिर में बाल संरक्षण और बच्चों के अनुकूल विधिक सेवाओं को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम जनपद अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार राय के मार्गदर्शन और सचिव वंदना अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित हुआ। इस दौरान पीएलवी गणेश सिंह ने बच्चों को उनकी समझ के अनुसार सरल भाषा में कानूनी जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि नालसा की बाल अनुकूल विधिक सेवाएं योजना के तहत सभी बच्चों को बिना किसी आय सीमा के मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त करने का अधिकार है।
बच्चों को इन मुद्दों पर किया जागरूक
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पीएलवी गणेश सिंह ने बच्चों को पॉक्सो एक्ट 2012, गुड टच-बैड टच, यौन उत्पीड़न, बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी, नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को समझाया कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना होने पर उसे छिपाना नहीं चाहिए और तुरंत अपने अभिभावक या शिक्षक को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए उन्हें अपने अधिकारों और आसपास होने वाली गतिविधियों के प्रति जागरूक रहना जरूरी है। किसी आपात स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम में बच्चों को शिक्षा के अधिकार के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा का अधिकार प्राप्त है। इस दौरान बच्चों को कानूनी सहायता और सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों को समझने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्या अनामिका, शिक्षक हरीराम गुप्त, कैलाश सोनी, कल्याण सिंह सहित अन्य शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।